यूपी में शिक्षकों के हजारों पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती, यहां जानें लेटेस्ट अपडेट


उत्तर प्रदेश सेकेंडरी एजुकेशन सर्विस सिलेक्शन बोर्ड द्वारा जल्द ही शिक्षकों के कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी. बोर्ड ने राज्य के सभी जिला स्कूलों को लेटर लिखकर वैकेंसी की जानकारी मांगी है. 3 से 12 दिसंबर 2021 तक उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर वैकेंसी की जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं.



जारी किया हेल्पलाइन नंबर
यूपी बोर्ड द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी कर बताया गया कि स्कूलों को किसी भी तरह की समस्या आने पर वह नीचे दिए गए नंबर पर कॉल कर मदद मांग सकते हैं. स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि अच्छी तरह जांच के बाद ही वैकेंसी डिटेल की जानकारी वेरिफाई कर भेजी जानी चाहिए. बता दें कि बोर्ड द्वारा सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्यों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी.





कितने पदों पर होगी भर्ती
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इन भर्तियों की जानकारी मिलते ही राज्य के 4500 से ज्यादा एडेड कॉलेजों में वैकेंसीज़ पर भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. सिलेक्शन बोर्ड ने जुलाई 2016 की भर्ती का नोटिफिकेशन 29 अक्टूबर 2020 को जारी किया था, जिसके तहत 15,508 शिक्षकों के पदों पर भर्तियां होनी थीं.


कानूनी विवाद के चलते भर्ती प्रक्रिया को रोका गया, फिर 15,198 पदों पर 15 मार्च 2021 में इसे फिर से शुरू किया गया. सुप्रीम कोर्ट (SC) द्वारा भर्ती प्रक्रिया को 31 अक्टूबर 2021 तक पूरी करने के आदेश जारी किए गए थे. लेकिन अब 31 मार्च 2022 तक रिटायर्ड शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी मांगी गई है. ऐसे में 2022 तक रिक्त पदों की क्लीयर जानकारी मिलने के बाद जल्द ही इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.





8 साल बाद इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया में प्रधानाचार्यों के पदों को भी भरा जाएगा. सिलेक्शन बोर्ड द्वारा इन पदों पर भर्ती के लिए आखिरी बार 2013 में भर्ती नोटिफिकेशन जारी किया गया था. 8 साल बाद इन पदों पर भर्तियां होंगी, लेकिन एडेड कॉलेजों में कई पद खाली होने के बाद भी सिलेक्शन बोर्ड ने भर्तियां नहीं करवाई.