UpdateMarts•Com
Follow Channel

19 April 2022

चार मई तक कमिश्नर-डीएम सहित सभी अफसरों के अवकाश निरस्त, CM योगी ने दिया 24 घंटे में तैनाती स्थल पर पहुंचने का निर्देश

देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आ चुकीं सामुदायिक टकराव की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस-प्रशासन को सतर्क कर दिया है। चूंकि, तीन मई को अक्षय तृतीया और ईद पर्व एक ही दिन मनाया जाना संभावित है, इसलिए शांति व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी से लेकर एसएसपी, सीओ और थानाध्यक्ष के अवकाश चार मई तक के लिए तत्काल निरस्त करते हुए अगले चौबीस घंटे में तैनाती स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है।




उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशभर के पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में विभिन्न धर्मों के कई पवित्र पर्वों का आयोजन हुआ। यह सुखद है कि पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।

सीएम योगी ने सामने खड़ी चुनौतियों के प्रति अधिकारियों को आगाह किया कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण पर्व-त्योहार हैं। रमजान का महीना चल रहा है। ईद का त्योहार और अक्षय तृतीया एक ही दिन होना संभावित है। वर्तमान परिवेश को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त संवेदनशील रहना होगा। थानाध्यक्ष से लेकर एडीजी तक अगले 24 घंटे के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठितजन के साथ बातचीत कर लें।



इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश जारी कर दिया कि थानाध्यक्ष, सीओ और पुलिस कप्तान से लेकर जिलाधिकारी, मंडलायुक्त तक सभी प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों का चार मई तक का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त होगा। जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, वह अगले 24 घंटे के भीतर तैनाती स्थल पर वापस लौटें। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस व्यवस्था का पालन कराया जाए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि तहसीलदार, एसडीएम, थानाध्यक्ष हो या सीओ, सभी अधिकारी अपनी तैनाती के क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम करें। सरकारी आवास है तो वहां रहें या किराए का आवास लें, लेकिन रात्रि में अपने ही क्षेत्र में रहें। इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन होना चाहिए।



सड़क बाधित कर न हो कोई धार्मिक आयोजन : सीएम योगी ने कहा है कि हर एक पर्व शांति और सौहार्द के साथ मने, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने व माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के साथ कड़ाई से पेश आएं। उन्होंने निर्देश दिया कि धार्मिक कार्यक्रम, पूजा-पाठ आदि निर्धारित स्थान पर ही हों।

संवेदनशील क्षेत्रों में लगाएं अतिरिक्त पुलिस बल : संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ड्रोन का उपयोग कर स्थिति पर नजर रखने, हर दिन शाम को फुट पेट्रोलिंग और पीआरवी 112 सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।


लखनऊ के गुडम्बा थानाध्यक्ष निलंबित : समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों एक बालिका के उत्पीड़न के प्रकरण में लखनऊ कमिश्नरेट के तहत गुडम्बा थाना क्षेत्र में लापरवाही प्रकाश में आई है। फायरिंग की सूचना मिली है। संबंधित आरोपितों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के साथ ही गुडम्बा थानाध्यक्ष को निलंबित करने सहित हलके के दारोगा और बीट सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं, अलीगढ़ और सहारनपुर में हुई घटनाओं को लेकर भी योगी ने नाराजगी जताते हुए अफसरों को फटकार लगाई।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more