UpdateMarts
Follow Channel

23 May 2022

स्कूल चलो अभियान में फिसड्डी 28 जिलों से जवाब तलब, अब जुलाई में लक्ष्य पूरा करने की कोशिश


लखनऊ। स्कूल चलो अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में नए बच्चों का नामांकन कराने में कई जिले पिछड़ गए हैं। इनमें सबसे पीछे महोबा है, यहां 56.52 प्रतिशत ही लक्ष्य पूरा हुआ है। अन्य पिछड़े जिलों में दूसरे से नौवें नंबर तक क्रमशः गोरखपुर, आगरा, बागपत, सोनभद्र, ललितपुर, औरैया, मथुरा व मैनपुरी जिले ऐसे हैं जहां नामांकन 75 फीसदी तक नहीं हो सका है। लखनऊ, कानपुर समेत कई प्रमुख जिलों में भी 90 फीसदी से कम नामांकन हुआ है।



शासन स्तर पर नामांकनों की समीक्षा के बाद बेसिक शिक्षा निदेशक ने फिसड्डी 28 जिलों से जवाब-तलब किया है। उन्होंने सभी जिलों को हरहाल में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सभी बीएसए को पत्र भेजा गया है।

कहां, कितने प्रतिशत नामांकन

महोबा 56.52, गोरखपुर 64.26, आगरा 68.83, बागपत 69.45, सोनभद्र 70.99, ललितपुर 71.79, औरैया 71.96, मथुरा 72.76, मैनपुरी 73.66, बस्ती 75.40, एटा 75.73, मऊ 78.17, आजमगढ़ 78.65, सहारनपुर 79.43, सुल्तानपुर 79.90, गोंडा 80.06, श्रावस्ती 83.03, गाजियाबाद 83.34, संभल 84.22, फर्रुखाबाद 85.01, लखनऊ 85.39, कानपुर नगर 87.07, कन्नौज 87.83, सीतापुर 88.22, खीरी 88.63, कुशीनगर 88.64, बलरामपुर 88.84 और अयोध्या 89.561

अब जुलाई में लक्ष्य पूरा करने की कोशिश

शासन व बेसिक शिक्षा विभाग ने समीक्षा कर जब तक इन जिलों को बकाया लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए, तब तक गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गईं। अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन के समय में कुछ जिलों ने अपने यहां नामांकन बढ़ाया भी है, लेकिन ज्यादातर जिलों की स्थिति ठीक नहीं हुई। ऐसे में अब जुलाई में स्कूल खुलने पर लक्ष्य पूरा करने की कोशिश होगी।