हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

28 May 2022

सवा दो साल बाद सेना भर्ती पांच माह का कैलेंडर जारी

सेना भर्ती रैली की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना के कारण करीब सवा दो साल से बंद पड़ी सेना भर्ती रैली अगस्त से शुरू हो सकती है। सेना मुख्यालय ने एक स्पेशल भर्ती कैलेंडर तैयार करने का आदेश दिया है। अगस्त से दिसंबर तक पांच महीने में बड़े पैमाने पर भर्ती रैली के लिए स्क्रीनिंग बोर्ड और सैन्य मेडिकल अफसरों की तैनाती होगी। सेना मुख्यालय ने देशभर के जोनल मुख्यालयों को पत्र लिखकर 31 मई तक नई भर्ती रैली के कार्यक्रम तय करने के आदेश गुरुवार को जारी किए हैं।


कोरोना से पहले सेना एक अप्रैल से 30 सितंबर और एक अक्टूबर से 31 मार्च तक दो कैलेंडर में भर्ती रैली आयोजित करती थी। कोरोना के कारण मार्च 2020 से सेना भर्ती रैली बंद चल रही थी। महिला मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी के दूसरे बैच की लिखित परीक्षा स्थगित हो गई थी, जबकि तीसरे बैच के आनलाइन आवेदन के बाद आगे की प्रक्रिया ही शुरू नहीं हो सकी। लोकसभा में भी सेना भर्ती न होने पर सवाल किए गए थे। नए सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडेय ने 18 मई को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए थे। जिस पर सेना के एकीकृत मुख्यालय की ओर से कर्नल ट्रेनिंग ने अगस्त से दिसंबर तक अधिकतम भर्ती रैली के कार्यक्रम तय करने के निर्देश जोनल मुख्यालयों को दिए हैं। कार्यक्रम तय करते समय स्क्रीनिंग बोर्ड और मेडिकल अफसरों की उपलब्धता का भी ध्यान रखना होगा। सभी रैली के आयोजन से 45 दिन पहले आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। पिछली लंबित रैलियों और भर्ती परीक्षा को लेकर अभी दिशानिर्देश जारी नहीं हुए हैं। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु सिंह का कहना है कि सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ को इस आदेश के प्राप्त होने का इंतजार है। मुख्यालय आदेश मिलते ही अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे देगा।

’>>अगस्त से रैली की तैयारी, सेना मुख्यालय ने 31 तक मांगा कार्यक्रम

’>>स्क्रीनिंग बोर्ड व मेडिकल अफसर तैयार करने के आदेश

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more