UpdateMarts•Com
Follow Channel

21 November 2022

फर्जी दस्तावेज से नौकरी पाने वाला शिक्षक बर्खास्त


महराजगंज जिले के परतावल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बैजौली में तैनात फर्जी शिक्षक को बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए परतावल के बीईओ को आदेश जारी किया है।


संतकबीरनगर के एक शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पर परतावल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बैजौली के सहायक अध्यापक दिनेश चंद्र की नियुक्ति में फर्जीवाड़े की शिकायत की थी। बीएसए ने इस मामले में बीईओ परतावल को जांच का आदेश दिया। बीईओ ने बीते 18 जून को शिक्षक को आरोप पत्र देकर जवाब मांगा। लेकिन फर्जी शिक्षक ने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। बीईओ ने जांच के बाद पांच जुलाई को बीएसए को आख्या सौंप दी। इसके मुताबिक शिक्षक ने टीईटी का जो प्रमाण पत्र लगाया था, उसमें नाम दिनेश, पिता का नाम गंगा व श्रेणी सामान्य दर्शाया गया था। टीईटी सर्टिफिकेट की जांच में उस रोल नंबर पर नाम दिनेश कुमार, पिता का नाम गंगा प्रसाद, श्रेणी अनुसूचित जाति मिली। बीएसए ने सरकारी सेवक नियमावली के तहत आरोपित शिक्षक को बचाव के लिए द्वितीय अवसर प्रदान किया। विज्ञप्ति भी प्रकाशित कराई गई, लेकिन शिक्षक ने बीएसए कार्यालय में अपना कोई अभिकथन दर्ज नहीं कराया। जांच के लिए उपस्थित भी नहीं हुआ। इस पर बीएसए ने आरोपित शिक्षक दिनेश चंद्र को नियुक्ति में फर्जीवाड़ा के आरोप में बर्खास्त कर दिया। शिक्षक को वेतन मद में भुगतान की गई धनराशि की वसूली के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी को आगणन तैयार कर रिपोर्ट मांगी है।

परतावल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बैजौली के सहायक अध्यापक दिनेश चंद्र के खिलाफ नियुक्ति में फर्जी दस्तावेज लगाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद आरोप पत्र व नोटिस देकर शिक्षक को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं हुआ। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है।

आशीष कुमार सिंह, बीएसए

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more