UP मौसम अपडेट : यूपी के इस जिले में तीन-चार दिन और रहेगी सर्दी, पड़ेगा कोहरा, कब तक साफ होगा मौसम?


फरवरी शुरू होते ही अचानक वापस लौटी सर्दी ने लोगों को एक बार फिर घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार को मौसम बिल्कुल जनवरी जैसा दिखा। अभी दो दिन पहले तक दिन में गर्मी जैसा अहसास हो रहा था, लेकिन गुरुवार को मौसम ने यू टर्न ले लिया। इसके बाद घना कोहरा छा गया। इस दौरान दृश्यता शून्य रही।

दोपहर बाद मौसम खुला, धूप निकली। लोगों को राहत मिली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार को कोहरा कम रहने की संभावना है। बताया कि उत्तराखंड में हो रहे हिमपात के कारण ही मैदानी इलाकों में अचानक से ठंड और कोहरा बढ़ा है। बताया कि अभी मौसम सामान्य होने में तीन-चार दिन का वक्त लग सकता है।

दूसरे मौसम विज्ञानी डा. राजीव सिंह ने बताया कि कोहरा और बादल छाए रहेंगे, धूप भी निकलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 8 फरवरी तक 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बताया कि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 12 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। बताया कि इस चढ़ते-उतरते तापमान के दौरान लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। गर्म कपड़ों से पीछा न छुटाएं, सर्दी-जुखाम का असर दिख सकता है।


नौ फरवरी से गर्मी का अहसास हो सकता

मौसम विज्ञानी डा. राजीव सिंह ने बताया कि 9 फरवरी से 13 फरवरी तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर जाने की संभावना है। बताया कि अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी 13 से 15 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।

मौसम का अनुमानित तापमान

4 फरवरी को अधिकतम तापमान 24, न्यूनतम तापमान 10
5 फरवरी को अधिकतम तापमान 24, न्यूनतम तापमान 9
6 फरवरी को अधिकतम तापमान 25, न्यूनतम तापमान 12
7 फरवरी को अधिकतम तापमान 24, न्यूनतम तापमान 10
8 फरवरी को अधिकतम तापमान 24, न्यूनतम तापमान 9
9 फरवरी को अधिकतम तापमान 30, न्यूनतम तापमान 11
10 फरवरी को अधिकतम तापमान 32, न्यूनतम तापमान 14
11 फरवरी को अधिकतम तापमान 32, न्यूनतम तापमान 15
12 फरवरी को अधिकतम तापमान 32, न्यूनतम तापमान 15
13 फरवरी को अधिकतम तापमान 32, न्यूनतम तापमान 13