संस्था प्रधानों को वेतन न मिलने पर शिक्षक संघ ने जताई नाराजगी



लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल 2023 को नियुक्त व पदोन्नत हुए संस्थान प्रधानों को एक साल बाद भी वेतन न दिए जाने पर नाराजगी जताई है। संघ ने कहा है कि डीआईओएस की ओर से अनुमोदन व वेतन भुगतान न करने से शिक्षकों में काफी आक्रोश है। 



संघ के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि अधिकारियों के मनमाने पन से एक साल से प्रधानाचार्य-संस्था प्रधान के दायित्व निर्वहन के बाद भी उनको वेतन नहीं दिया जा रहा है। उनसे बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य व अन्य कार्य भी नियमित लिए जा रहे हैं। इसके बाद भी उनको वेतन न देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द इस मामले पर जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है।