UpdateMarts
Follow Channel

16 May 2024

मतदाता पर्ची बांट रहे बीएलओ को दबंग ने पीटा



महोबा। विकासखंड कबरई के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय भंडरा में तैनात बीएलओ के साथ दबंग ने मारपीट कर अभिलेख फाड़ दिए। मारपीट की अन्य घटनाओं में दबंगों ने तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय भंडरा में तैनात शिक्षक दिनेश कुमार बीएलओ का काम देख रहा है। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे वह आसपास के मतदाताओं को मतदाता पर्ची वितरित कर रहा था। तभी गांव का दबंग गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर मतदाता सूची व पर्ची फाड़ कर फेंक दी और मारा-पीटा। बाद में आरोपी धमकी देते हुए चला गया। पीड़ित शिक्षक ने थाने में तहरीर देकर चुनाव कार्य में बाधा पहुंचाने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




दूसरी घटना में मकनियांपुरा निवासी इरशाद पठा तिगैला के पास खड़ा था। तभी चार लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने विक्की सिंह व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तीसरी घटना में चांदो निवासी देवेंद्र कुमार ने गांव के ही एक युवक को कुछ रुपये उधार दिए थे।




वापस मांगने पर उसने देवेंद्र को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने शैलेंद्र राजपूत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक अन्य घटना में कस्बा जैतपुर निवासी अजय सविता घर पर था। तभी चार लोगों ने घर में आकर मारपीट की और बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने नीरज, बहादुर, अर्जुन और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।