हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

23 July 2025

बेसिक के शिक्षकों को मिला तबादले का एक और अवसर

 

लखनऊ। प्रदेश में कम नामाकन । वाले 10827 परिषदीय विद्यालयों के विलय (पेयरिंग) के बाद कुछ विद्यालयों में शिक्षक सरप्लस तो कुछ में कम हो गए हैं। इसे देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के अंदर सामान्य तबादले का एक और अवसर दिया जा रहा है।



इसके तहत तबादले की प्रक्रिया 23 जुलाई से शुरू होगी। बता दें कि अमर उजाला ने 21 जुलाई के अंक में ही बेसिक शिक्षकों को समायोजन का मिलेगा एक और अवसर शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।


विभाग के अनुसार निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत तबादले के लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। जिले के अंदर तबादला व समायोजन ग्रामीण सेवा संवर्ग से ग्रामीण सेवा व नगर सेवा संवर्ग से नगर सेवा में किया जाएगा। यू-डायस पोर्टल पर उपलब्ध छात्र संख्या के आधार पर अधिक शिक्षक वाले विद्यालय व जरूरत वाले विद्यालयों की सूची जारी की जाएगी।


विभाग ने यह भी सुविधा दी है कि आवश्यकता से अधिक शिक्षक वाले विद्यालय में चिह्नित प्रधानाध्यापक व शिक्षक एक ही गणना के आधार पर तबादले के लिए आवेदन कर सकते हैं। शिक्षक ऑनलाइन तबादले के लिए आवेदन करेंगे और


अधिकतम 25 विद्यालयों का विकल्प देंगे। कम से कम एक विद्यालय का विकल्प देना अनिवार्य होगा। जिले में नियुक्ति की तिथि समान होने पर अधिक आयु वाले शिक्षकों को वरीयता दी जाएगी।


बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि आवश्यकता वाले व आवश्यकता से अधिक शिक्षक वाले विद्यालयों को चिह्नित करते हुए सूची 23 जुलाई को पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। शिक्षक 24 से 27 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करेंगे। 28 जुलाई तक बीएसए ऑनलाइन सत्यापन करेंगे।


30 जुलाई को एनआईसी द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर से तबादला सूची जारी की जाएगी। बता दें कि इससे पहले जिले के अंदर सामान्य तबादले की प्रक्रिया 30 जून को पूरी की गई थी। इसमें 20182 शिक्षकों को जिले के अंदर सामान्य तबादले का लाभ मिला था।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more