। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक या प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती 2025 की विज्ञान, गृह विज्ञान, संस्कृत और वाणिज्य विषयों की प्रारंभिक परीक्षा (प्री) का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। विज्ञान, गृह विज्ञान और संस्कृत विषयों में निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त नहीं करने के कारण रिक्तियों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।
जिन चार विषयों का परिणाम घोषित किया गया है, उसमें सबसे खराब स्थिति विज्ञान की है। विज्ञान पुरुष शाखा के 764 व महिला शाखा के 573 पदों तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत तीन अलग-अलग श्रेणियों के 16 यानी कुल 1353 पदों के लिए प्रारम्भिक परीक्षा सात दिसंबर को हुई थी। इसमें पंजीकृत 102953 अभ्यर्थियों में से 49538 परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें मात्र 329 अभ्यर्थियों ही मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित हो सके हैं। साफ है कि मुख्य परीक्षा में सभी 329 अभ्यर्थी सफल भी हो जाएं तो 1,024 पद रिक्त रह जाएंगे।
गृह विज्ञान पुरुष शाखा के 206 एवं महिला शाखा के 163 पदों समेत अन्य तीन पदों पर चयन के लिए प्रारम्भिक परीक्षा 21 दिसंबर को आयोजित की गई थी। इसमें पंजीकृत 89223 अभ्यर्थियों में से 55475 परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 2784 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। वाणिज्य पुरुष शाखा के 35 तथा महिला शाखा के 23 पदों पर चयन के लिए 21 दिसंबर को प्रारम्भिक परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें पंजीकृत 66165 अभ्यर्थियों में से 30619 परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 887 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। संस्कृत पुरुष शाखा के 90 व महिला शाखा के 92 पदों तथा अन्य छह पदों के लिए प्रारम्भिक परीक्षा सात दिसंबर को आयोजित की गई थी। इसमें पंजीकृत 40402 अभ्यर्थियों में से 26273 परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 2772 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।

