हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

19 February 2026

होली से पहले वेतन जारी करने की मांग, संघ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

 होली से पहले वेतन जारी करने की मांग, बीटीसी शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

लखनऊ। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और मानदेय कर्मियों का फरवरी माह का वेतन होली से पहले जारी करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है।


संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि मार्च के पहले सप्ताह में होली का त्योहार पड़ रहा है, ऐसे में कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने मांग की है कि फरवरी माह का वेतन इसी माह के अंत तक जारी कर दिया जाए, ताकि कर्मचारी और उनके परिवार बिना किसी आर्थिक परेशानी के त्योहार मना सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि कई कर्मचारी वेतन पर ही पूरी तरह निर्भर रहते हैं और देरी होने से त्योहार की खुशियों पर असर पड़ता है। इसलिए सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द वेतन जारी करने के आदेश देने चाहिए।

संघ ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए प्रदेश के लाखों कर्मचारियों, शिक्षकों और मानदेय कर्मियों को होली से पहले वेतन का लाभ प्रदान करेगी, जिससे वे त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more