हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

19 February 2026

स्कूल बना ‘चाय सेवा केंद्र’, पढ़ाई करती रही इंतजार — देर से खुला विद्यालय, बच्चों से मंगवाई गई चाय


फर्रुखाबाद। प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के सरकारी दावों के बीच फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय उजरापुर (टिमरुआ) में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्कूल देर से खुलने और शिक्षकों द्वारा बच्चों से चाय मंगवाने की घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार विद्यालय का निर्धारित समय सुबह 9 बजे है, लेकिन स्कूल समय से नहीं खुला। बच्चे स्कूल पहुंचकर काफी देर तक इंतजार करते रहे। इस दौरान कक्षाएं संचालित नहीं हो रही थीं और न ही परिसर में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था दिखी।


बताया गया कि शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाने के बजाय गांव की दुकान से चाय लाने के लिए भेज दिया। बच्चे अपना बस्ता छोड़कर चाय लाने में लगे रहे, जिससे पढ़ाई का माहौल पूरी तरह प्रभावित हुआ। इस बीच स्कूल में मिड-डे मील की व्यवस्था भी अव्यवस्थित नजर आई और बच्चों का दूध वितरण किया जा रहा था।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लिया। वीडियो बनने की जानकारी मिलने पर शिक्षकों ने सफाई देने की कोशिश की और अधिकारियों से संपर्क किया।


यह घटना शिक्षा विभाग के गुणवत्ता सुधार और पारदर्शिता के दावों पर सवाल खड़े करती है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more