लखनऊ। यूपी में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को नियुक्ति पाने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। कार्मिक विभाग ने बड़ा सुधार करते हुए मृतक आश्रितों के लिए आवेदन से लेकर नियुक्तिपत्र जारी होने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है।
नियुक्ति की यह प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव, कार्मिक एम. देवराज ने सभी विभागों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों के लिए शासनादेश जारी कर दिया है।
शासनादेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया नियमावली, 1974 (यथा संशोधित) के तहत अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी।
इसके लिए एनआईसी ने मानव संपदा पोर्टल पर मृतक आश्रित सेवायोजन मॉड्यूल विकसित किया है। सभी संबंधित कार्यालय व निदेशालय अपने ऑफिस एडमिन आईडी के जरिए इस कार्य के लिए प्रथम स्तर, अप्रूविंग और ऑर्डर अथॉरिटी नामित कराएंगे।

