07 April 2026

UP Board 10th, 12th Result 2026: कब जारी होगा यूपी बोर्ड का रिजल्ट, कैसे करें चेक? यहां मिलेगी पूरी जानकारी

  उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों को परिणामों का इंतजार है। वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जल्द ही घोषित किया जा सकता है। इस बार करीब 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अपने नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। अनुमान है कि परिणाम अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के शुरुआती दिनों में जारी हो सकते हैं, हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं की गई है।


 


हजारों छात्रों का रिजल्ट अटकने की स्थिति

यूपी बोर्ड ने उन स्कूलों को अंतिम चेतावनी दी है जिन्होंने अभी तक कक्षा 12 के छात्रों के प्रैक्टिकल अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के 652 विद्यालयों की लापरवाही के चलते लगभग 34,637 छात्रों का परिणाम प्रभावित हो सकता है। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर अंक अपलोड नहीं किए गए, तो संबंधित विद्यार्थियों को असफल घोषित किया जा सकता है।


 


6 और 7 अप्रैल तक अंतिम मौका

छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट को 6 और 7 अप्रैल 2026 के लिए दोबारा सक्रिय करने का निर्णय लिया है। इस दौरान इंटरनल एग्जामिनर बचे हुए अंक अपलोड कर सकते हैं। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते पोर्टल पर जाकर आवश्यक जानकारी भर दें, ताकि परिणाम घोषित करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।


मार्कशीट में इन बातों की जरूर जांच करें

रिजल्ट देखने के बाद छात्र अपनी मार्कशीट में दी गई जानकारी को ध्यान से जांच लें। खासतौर पर निम्न विवरण सही होना चाहिए:


छात्र का नाम और माता-पिता का नाम

रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर

विषयवार अंक और कुल अंक

पास/फेल की स्थिति और ग्रेड


यदि किसी भी प्रकार की गलती नजर आती है, तो तुरंत अपने स्कूल प्रशासन या संबंधित बोर्ड कार्यालय से संपर्क करना चाहिए।


वेबसाइट स्लो होने पर क्या करें?

रिजल्ट जारी होने के समय वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण परेशानी हो सकती है। ऐसे में छात्र वैकल्पिक माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। विद्यार्थियों को अमर उजाला की वेबसाइट पर ही अपना रिजल्ट देखने और डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी।


कहां और कैसे देख सकते हैं रिजल्ट?

यूपी बोर्ड के नतीजे आधिकारिक वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर  उपलब्ध होंगे। छात्र रोल नंबर के जरिए अपना परिणाम देख सकते हैं।