प्रवक्ता भर्ती : 33 केंद्रों पर 45932 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
प्रयागराज, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती की लिखित परीक्षा नौ और दस मई को प्रदेश के 17 जिलों में 319 केंद्रों पर कराई जाएगी। चार साल पहले आई इस भर्ती में 624 पदों के लिए 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रयागराज में 33 केंद्रों पर 45932 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
पहले दिन शनिवार को 9:30 से 11:30 बजे की पहली पाली में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास और शिक्षाशास्त्र की परीक्षा में जिले में 10557 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं जबकि 2:30 से 4:30 बजे की दूसरी पाली में अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य और समाजशास्त्र में 10042 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरे दिन रविवार को पहली पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान में 12046 जबकि दूसरी पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला की परीक्षा में 13287 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अपील की है।

