लखनऊ, उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम गुरुवार को जारी कर दिया गया। 4543 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, इनमें 12,333 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती-प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में कराई थी। हर विषय में न्यूनतम 35 प्रतिशत, कुल 50 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थियों में मेरिट और आरक्षण के आधार पर 12,333 को अभिलेख सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) के लिए सफल घोषित किया गया है। भर्ती बोर्ड के मुताबिक, डीवी/पीएसटी की प्रक्रिया मई के तीसरे सप्ताह में होगी। इसकी पूरी जानकारी जल्द वेबसाइट पर आएगी।
सहायक सांख्यिकीय अधिकारी भर्ती परिणाम घोषित: अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के 16 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी किया। इसे वेबसाइट पर देखा जा सकता है। अनारक्षित वर्ग के पांच अनुसूचित जाति के नौ,अन्य पिछड़ा वर्ग के दो अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस परिणाम में चार अभ्यर्थियों को शर्तों के साथ मौका दिया गया है। उनके द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्रों के परीक्षण के बाद आयोग अंतिम निर्णय लेगा।

