08 May 2026

अपनी ही छात्रा को भगा ले गया शिक्षक, पिता ने दर्ज कराया केस

 

अपनी ही छात्रा को भगा ले गया शिक्षक, पिता ने दर्ज कराया केस

 हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का एक शिक्षक अलीगढ़ निवासी अपनी छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। छात्रा के पिता ने अलीगढ़ जिले की इगलास कोतवाली में आरोपी शिक्षक और उसके परिवार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, हाथरस के आरपीएम स्कूल कोटा रोड, हाथरस से वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली 19 वर्षीय छात्रा को शिक्षक अंशित गौतम पढ़ाता था।






मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड, कैनरा बैंक के सामने रहने वाला शिक्षक अंशित गौतम पुत्र नरेंद्र कुमार गौतम शहर के आरपीएम कॉलेज में शिक्षक के पद पर तैनात था। इस दौरान शिक्षक अंशित गौतम पर अपनी छात्रा को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है। आरोप है कि कोतवाली इगलास क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक छात्रा को पढ़ाने वाला शिक्षक उसके प्यार में इस कदर पागल हो गया कि अपनी छात्रा को ही भगा ले गया।




छात्रा के पिता ने दर्ज कराया केस



छात्रा के पिता ने आरोपी शिक्षक अंशित गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा के पिता ने बताया कि अंशित गौतम उनकी बेटी को पिछले कई वर्षों से पढ़ा रहा था और उसे परेशान करता था। बेटी ने कई बार इसकी शिकायत भी की थी। आरोप है कि अंशित गौतम ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया। पिता के मुताबिक, अंशित गौतम ने अपने भाई प्रभात गौतम, प्रभात की पत्नी शारदा गौतम और अपनी मां राज गौतम के साथ मिलकर उनकी बेटी के साथ साजिश रची है। उनकी 19 वर्षीय बेटी को गांव असरोई से गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया गया।