27 May 2026

टीजीटी भर्ती परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब 360 अंकों की होगी परीक्षा

प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा के पैटर्न में संशोधन करते हुए परीक्षा को अब 360 अंकों का करने का निर्णय लिया है।

नई व्यवस्था के तहत टीजीटी परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का होगा। इससे पहले उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कुल 500 अंक निर्धारित थे। वर्ष 2021 की टीजीटी भर्ती परीक्षा में 125 प्रश्न पूछे गए थे और प्रत्येक प्रश्न चार अंक का था।

आयोग ने भर्ती नियमावली में संशोधन करते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि वर्ष 2021 की तरह इस बार टीजीटी भर्ती में साक्षात्कार नहीं कराया जाएगा। चयन प्रक्रिया केवल लिखित परीक्षा के आधार पर पूरी की जाएगी।

शिक्षा निदेशालय की ओर से शिक्षा सेवा चयन आयोग को विभिन्न श्रेणियों के कुल 23,213 रिक्त पदों की जानकारी भेजी गई है। इनमें टीजीटी के 16,114 पद शामिल हैं। रिक्त पदों का विवरण आयोग के ई-अधियाचन पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके से अपलोड किया जा रहा है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि जैसे-जैसे अधियाचन ऑनलाइन प्राप्त होते जाएंगे, उसी क्रम में विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जुलाई तक लंबित और उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की तिथियां घोषित होने की संभावना है। इसके बाद नई शिक्षक भर्ती परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) पदों पर भर्ती प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार दोनों के माध्यम से पूरी की जाएगी।