प्रतापगढ़। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब पॉक्सो कानून और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में गुड टच और बैड टच की समझ विकसित करना, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देना और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
जिले के 2372 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत करीब ढाई लाख बच्चों को इस अभियान का लाभ मिलेगा। कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार सरल और संवेदनशील तरीके से सुरक्षा संबंधी शिक्षा दी जाएगी।
बच्चों को असहज परिस्थितियों में सतर्क रहने, किसी भी अनुचित व्यवहार का विरोध करने और बिना डरे अपनी बात कहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में तुरंत वहां से हट जाएं और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज करें।
अधिकारियों के अनुसार इस अभियान से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे किसी भी असहज स्थिति का बेहतर तरीके से सामना कर सकेंगे।
इसी क्रम में लालगंज विकासखंड के तियापुर गांव में मंगलवार को निशुल्क लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर अमित प्रताप सिंह ने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। गांव में लाइब्रेरी खुलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
ग्राम प्रधान विमलेश सिंह ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी खोली गई है। उद्घाटन अवसर पर पंचायत सचिव अवध प्रताप सिंह, उदयम सिंह, प्रांजल ओझा, गंगा प्रसाद शुक्ला, नागेंद्र वर्मा और प्रियंशु शुक्ला सहित कई लोग मौजूद रहे।

