27 May 2026

चिकित्सकों का मानदेय बढ़ेगा, आशाओं को समय पर होगा भुगतान: सीएम योगी

 

चिकित्सकों का मानदेय बढ़ेगा, आशाओं को समय पर होगा भुगतान: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा है कि संविदा चिकित्सकों का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि बेहतर चिकित्सक सरकारी सेवाओं से जुड़ सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कोविड काल में कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का प्राथमिकता के आधार पर समायोजन किया जाए और आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो।


मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। बैठक में आगामी महीनों में प्रस्तावित महत्वपूर्ण लोकार्पण एवं शिलान्यास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

सीएम ने निर्देश दिया कि अस्पतालों में एक्सपायरी के करीब पहुंच चुकी दवाएं न रखी जाएं और उनकी जगह नई दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही हेल्थ एटीएम का विस्तार करने और संचारी रोग नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज, जांच, दवाओं और आपात सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। मेडिकल संस्थानों में रिसर्च गतिविधियों को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य के करीब 28 लाख कर्मचारियों, शिक्षकों और सेवानिवृत्त कर्मियों को इस योजना का प्रभावी लाभ मिले। अब आयुष पद्धतियों से इलाज कराने वाले कर्मचारियों और पेंशनरों को भी कैशलेस सुविधा का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आयुष्मान योजना में क्लेम दावों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और चिकित्सा संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाया जाए।