लखनऊ। प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 से विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत स्कूलों में ‘रीडिंग आवर’, समाचार-पत्र पठन और डीईएआर (ड्रॉप एवरीथिंग एंड रीड) गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य बच्चों की भाषा क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और रचनात्मक अभिव्यक्ति को मजबूत करना है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई से बच्चों की भाषा और सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होगी। स्कूल खुलने के बाद विद्यालयों में लेखन प्रतियोगिता, पुस्तक समीक्षा और समाचार आधारित लेखन गतिविधियां भी कराई जाएंगी, ताकि छात्र-छात्राओं की अभिव्यक्ति क्षमता मजबूत हो सके।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी डायट प्राचार्यों, एडी बेसिक, बीएसए और बीईओ को निर्देश दिए हैं कि अभियान को गंभीरता से लागू कराया जाए। स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान समाचार वाचन भी कराया जाएगा और बच्चों को नियमित पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सरकार ने प्राथमिक स्तर पर ‘सुपर-20’ और उच्च प्राथमिक स्तर पर ‘सुपर-30’ रीडिंग चैलेंज को भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। तय संख्या में पुस्तकें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। सबसे अधिक पुस्तकें पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ‘चैंपियन रीडर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार भी दिया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को कहानी लेखन, समीक्षा लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनकी सोच, विश्लेषण क्षमता और आत्मविश्वास का विकास हो सके।
वहीं दूसरी ओर सेना में अग्निवीर भर्ती परीक्षा और भर्ती रैली के परिणाम घोषित होने शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। अब यूपी और उत्तराखंड के अग्निवीर जीडी, ट्रेड्समैन और स्टोरकीपर तकनीकी पदों के परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे।

