बहराइच। जिले के ग्राम प्रधानों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेश सरकार ने उनका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। 25 मई को कार्यकाल पूरा होने के बाद अब प्रधान बुधवार से दोबारा कार्यभार संभालेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे गांवों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों को अतिरिक्त बजट जारी किए जाने के बाद प्रधानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से धन की कमी के कारण सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन से जुड़े कई विकास कार्य अधूरे पड़े थे। अब इन कार्यों को फिर से गति मिलने की उम्मीद है।
जिले की 1041 ग्राम पंचायतों में रुके विकास कार्यों को दोबारा शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि कार्यकाल बढ़ने से गांवों में विकास योजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और पंचायत व्यवस्था मजबूत होगी।
पंचायत विकास मंच के संयोजक सूरज शुक्ला, सह संयोजक डॉ. श्याम चौधरी, जिला महामंत्री सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ बुल्लू सिंह, संरक्षक राम सुंदर पांडेय और राम छबीले निषाद सहित कई प्रधान प्रतिनिधियों ने सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि प्रधानों का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाया गया है। 27 मई से सभी ग्राम प्रधानों को फिर से कार्यभार सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में रुके पड़े विकास कार्य अब तेजी से शुरू हो सकेंगे।

