14 July 2026

टीजीटी भर्ती के 14 हजार ओएमआर निरस्त

 

टीजीटी भर्ती के 14 हजार ओएमआर निरस्त

प्रयागराज। प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) 2022 के 3539 पदों पर भर्ती के लिए तीन और चार जून को आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल 14 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की ओएमआर आधारित उत्तर पत्रक निरस्त कर दी गई है। इनमें से अधिकांश अभ्यर्थियों ने ओएमआर पर अपना रोल नंबर, विषय या दूसरी महत्वपूर्ण सूचनाओं से संबंधित गोला सही से नहीं भरा था।



30 जून को चयन आयोग ने जब लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया तो इन अभ्यर्थियों के होश उड़ गए क्योंकि चार साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे ये अभ्यर्थी बिना मूल्यांकन के ही भर्ती की रेस से बाहर हो गए थे। इनमें से कुछ अभ्यर्थियों ने चयन आयोग में प्रत्यावेदन देकर दोबारा मूल्यांकन कराने का अनुरोध किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद कुछ अभ्यर्थियों ने त्रुटिपूर्ण ओएमआर के मूल्यांकन के लिए हाईकोर्ट में याचिकाएं भी की हैं।


उधर, चयन आयोग के पीआरओ एवं उपसचिव डॉ. संजय सिंह का कहना है कि अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया था कि ओएमआर (उत्तर पत्रक) में भरी गई सूचनाओं को व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि से मिटाना प्रतिबंधित है। यदि उत्तर पत्रक में गोलों को सही से काला नहीं किया जाता है या कोई भी सूचना त्रुटिपूर्ण भरी जाती है, तो उत्तर-पत्रक का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और इसके लिए अभ्यर्थी स्वयं उत्तरदायी होगा। अब किसी प्रकार के प्रत्यावेदन पर विचार करना संभव नहीं है।


गौरतलब है कि परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 8,68,531 अभ्यर्थियों में से 4,34,464 (50.02 प्रतिशत) परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 14 हजार से अधिक (तीन प्रतिशत से अधिक) अभ्यर्थी बिना मूल्यांकन के बाहर हो गए हैं।