14 July 2026

बच्चों की कम उपस्थिति पर मंत्री ने लगाई प्रभारी प्रधानाचार्य की क्लास

समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण

 , प्रयागराज: दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप का पारा उस वक्त चढ़ गया जब वह समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां 139 बच्चे पंजीकृत थे, जबकि विद्यालय में सिर्फ 49 ही मिले। इस पर मंत्री ने प्रभारी प्रधानाचार्य की क्लास लगा दी। मंत्री के सवालों पर शिक्षक निरुत्तर दिखे। बच्चों की उपस्थिति न बढ़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।


दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज आए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मंत्री सोमवार को भ्रमण पर निकले। एसआरएन अस्पताल के पास स्थित दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के बचपन डे केयर विद्यालय पहुंचे। यहां बच्चों से मुलाकात की। बातचीत के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता को भी परखा। इसमें वह संतुष्ट दिखे।

इसी के साथ मेजा के गेंदुराही स्थित समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय की व्यवस्थाएं परखने भी पहुंचे। यहां अफसरों ने शिक्षकों की कमी की बात कही। मंत्री ने कहा कि जल्द शिक्षक मिलने की उम्मीद है। इस दौरान पौधरोपण किया। छात्र-छात्राओं को नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 की पाठ्य पुस्तक, स्टेशनरी, लंच बॉक्स आदि वितरित किए।

गेंदुराही में ही प्रधानाचार्य व शिक्षकों के 23 आवास बन रहे हैं। मंत्री ने इसका भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें प्रगति काफी खराब मिली। सीएंडडीएस इसका निर्माण करा रही है। वर्ष 2024 में इसका काम शुरू हुआ था। दिसंबर-2025 तक भवन तैयार होने थे, लेकिन अब भी काम अधूरा था। मंत्री ने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई। हर हाल में दिसंबर तक काम पूरा करके भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

उपनिदेशक अभय कुमार श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।