14 July 2026

45 स्कूलों में अब प्रयोगों से पढ़ेंगे बच्चे, लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के दूसरे चरण की तैयारियां तेज

 

45 स्कूलों में अब प्रयोगों से पढ़ेंगे बच्चे, लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के दूसरे चरण की तैयारियां तेज

अमेठी सिटी। जिले के 45 परिषदीय विद्यालयों में लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की बैठक आयोजित हुई। इसमें प्रयोग आधारित पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।


बैठक में अनुपस्थित 13 प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बीएसए ने केंद्रीय भंडार से प्राप्त 155 प्रकार की शिक्षण सामग्री और एसएमसी स्तर से उपलब्ध कराई गई 68 हजार रुपये की सामग्री का प्रभावी उपयोग करने, प्रेरणा पोर्टल पर गतिविधियां अपलोड करने, स्टॉक पंजिका संधारित करने तथा विद्यालयवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बीएसए ने कहा कि दूसरे चरण के विद्यालय पहले से संचालित फेज-वन के विद्यालयों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं को समझें और उसी तर्ज पर अपनी लैब विकसित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व एसएमसी अध्यक्षों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा। उनका कहना था कि प्रयोग आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों में गणित, विज्ञान और अन्य विषयों की अवधारणाएं बेहतर तरीके से विकसित होंगी।

बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली

जामों। सर्व शिक्षा अभियान के तहत सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र से स्कूल चलो जागरूकता रैली निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी श्यामनाय यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चों ने "शिक्षा से देश सजाएंगे, हर बच्चे को पढ़ाएंगे" जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण किया।

बीईओ ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नजदीकी सरकारी विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।

जवाहर नवोदय विद्यालय में बनी दर्शक दीर्घा

अमेठी सिटी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अपनी फाउंडेशन द्वारा निर्मित आधुनिक तीन खंडों वाली दर्शक दीर्घा का सोमवार को डीएम संजय चौहान ने लोकार्पण किया।

नई दर्शक दीर्घा बनने से विद्यालय में खेल, सांस्कृतिक और अन्य शैक्षिक कार्यक्रम अधिक व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि यह सुविधा विद्यालय और विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी।

लोकार्पण समारोह में सीएमओ डॉ. अशफाक सिंह, उपप्रधानाचार्य एमएनएस त्रिपाठी, प्लांट डायरेक्टर मनीष पुरोहित, शैल रस्तोगी, आरओजीएयूए अध्यक्ष गोपालनाथ, प्रतिभा मित्तल शुक्ला, योगेश शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।