जनगणना 2027: गर्मी की छुट्टियों के बाद अब सर्दियों की छुट्टियों पर भी असर की आशंका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज होने के साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों की चिंता भी बढ़ती नजर आ रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेश में जनगणना का दूसरा और अंतिम चरण दिसंबर 2026 में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है।
जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी परिवार अनुसूची के तहत दर्ज की जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण अगस्त से शुरू होने और सितंबर में प्रदेश के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद जिलों में गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खास बात यह है कि यदि दिसंबर में जनगणना का कार्य होता है तो स्कूलों से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों की छुट्टियों का मुद्दा भी चर्चा में आ सकता है। गर्मी की छुट्टियों के बाद अब सर्दियों की छुट्टियों पर भी निशाना है 🤷🏻♂️, क्योंकि जनगणना जैसे बड़े अभियान में शिक्षकों की ड्यूटी लगने की संभावना रहती है।
पहले चरण में लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा जैसे बड़े शहरों में गणनाकर्मियों की कमी प्रमुख चुनौती के रूप में सामने आई थी। अब दूसरे चरण की तैयारियों के साथ विभागीय स्तर पर प्रशिक्षण और मानव संसाधन की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की कवायद चल रही है।
हालांकि, दिसंबर में जनगणना कराने की बात फिलहाल संभावित कार्यक्रम के रूप में सामने आ रही है और अंतिम तारीख का आधिकारिक निर्धारण होना बाकी है। ऐसे में शिक्षकों की सर्दियों की छुट्टियों पर वास्तविक असर कितना पड़ेगा, यह जनगणना की अंतिम समय-सारणी और ड्यूटी आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

