15 August 2026

68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष को दिया ज्ञापन

 

68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष को दिया ज्ञापन

लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश कार्यालय में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

अभ्यर्थियों ने मांग की कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुसार ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए भर्ती परीक्षा के उत्तीर्ण अंकों में छूट दी जाए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों ने 150 में 60 अंक पर परिणाम संशोधित कर नई सूची जारी करने की मांग उठाई।




राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट भी सौंपी

अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट भी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी। उनका कहना है कि आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप कार्रवाई होने से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने मामले को शासन स्तर पर उठाने और उचित समाधान कराने की मांग की।

सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन

अनुपम मिश्रा ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि मामले को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी के समक्ष रखा जाएगा और सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में आशुतोष वर्मा, अखिल यादव और नवीन चौधरी समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।

अभ्यर्थियों को अब शासन और संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।