संभल के असमोली के मदाला फतेहपुर गांव स्थित निजी स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्य दरवाजे का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे के मलबे में तीन बच्चे दब गए।
हादसे में कक्षा तीन के 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शनिवार को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल थे।
इसी दौरान कुछ बच्चे मुख्य दरवाजे के छज्जे पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे। अचानक छज्जा नीचे आ गिरा और बच्चे मलबे में दब गए। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर स्कूल में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।
मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने कक्षा तीन के छात्र को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायल बच्चों का उपचार कराया जा रहा है।
हादसे की सूचना पर संभल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात की। एसडीएम और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई।

