मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना: शिक्षकों के लिए जरूरी अपडेट, 7 दिन में आवेदन सत्यापित कराने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के क्रियान्वयन को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर संबंधित शिक्षकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि योजना के तहत संबंधित शिक्षकों का पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद शिक्षक स्वयं और अपने आश्रितों का विवरण आधार कार्ड के अनुसार दर्ज करेंगे।
ऐसे होगा आवेदन और सत्यापन
विभागीय निर्देश के अनुसार प्रक्रिया को कई चरणों में पूरा किया जाएगा—
- शिक्षक मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के विकसित पोर्टल cmcts-upsdc-gov-in पर पंजीकरण करेंगे।
- शिक्षक स्वयं एवं अपने आश्रितों का विवरण आधार कार्ड के अनुसार पोर्टल पर दर्ज करेंगे।
- शिक्षक का आवेदन प्रथम स्तर पर सत्यापन एवं अनुमोदन के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भेजा जाएगा।
- प्रधानाध्यापक शिक्षक की नियुक्ति नियमों के अनुसार होने तथा लगातार कार्यरत होने की स्थिति का परीक्षण कर आवेदन संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को भेजेंगे।
- यदि संबंधित शिक्षक किसी कारण से विद्यालय से पृथक हो जाता है तो प्रधानाध्यापक द्वारा इसकी सूचना खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दी जाएगी, ताकि संबंधित शिक्षक को योजना से पृथक किया जा सके।
- खंड शिक्षा अधिकारी आवेदन को अनुमोदित करने के बाद अंतिम अनुमोदन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे।
- जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आवेदन स्वीकृत किए जाने के बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
7 दिन के भीतर देनी होगी सूचना
शिक्षा निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को योजना से लाभान्वित किए जाने के लिए निर्धारित प्रारूप में सत्यापित/हस्ताक्षरित सूचना 07 दिनों के भीतर कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया में विद्यालय स्तर से लेकर जिला स्तर तक सत्यापन और अनुमोदन की जिम्मेदारी निर्धारित की है। इससे पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

