13 August 2026

UP School Bagless Days: शनिवार को होंगी 10 खास गतिविधियां, हर स्कूल को ₹6,500 की धनराशि

 

UP School Bagless Days: शनिवार को होंगी 10 खास गतिविधियां, हर स्कूल को ₹6,500 की धनराशि

बरेली। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत परिषदीय उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में 10 Bagless Days के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में अगस्त से नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को Bagless Day से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बरेली की ओर से जारी निर्देश में बताया गया है कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश द्वारा 10 Bagless Days के लिए आनंदम मार्गदर्शिका विकसित की गई है। इसमें कुल 34 गतिविधियों को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है।

Bagless Days के 3 प्रमुख भाग

  • भाग-1: विज्ञान, पर्यावरण और प्रौद्योगिकी
  • भाग-2: सार्वजनिक कार्यालय, स्थानीय उद्योग और व्यवसाय
  • भाग-3: कला, संस्कृति और इतिहास

शनिवार को होंगी अलग-अलग गतिविधियां

निर्धारित कैलेंडर के अनुसार विद्यालयों में विभिन्न शनिवार को विद्यार्थियों को practical और अनुभवात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

22 अगस्त: मिट्टी से खिलौने, मूर्ति एवं कलाकृति निर्माण, स्थानीय कुम्हार/शिल्पकार के साथ कार्यशाला अथवा विद्यालय कला एवं शिल्प प्रदर्शन।

29 अगस्त: औषधीय पौधों का उद्यान विकास, कंपोस्ट/वर्मी कंपोस्ट निर्माण अथवा विद्यालय रसोई उद्यान।

19 सितंबर: जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन अध्ययन, मृदा परीक्षण एवं कृषि विज्ञान गतिविधियां तथा जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि का परिचय।

26 सितंबर: पतंग निर्माण एवं उड़ान विज्ञान, सरल विज्ञान एवं नवाचार प्रयोगशाला अथवा STEM मॉडल निर्माण प्रतियोगिता।

3 अक्टूबर: वित्तीय साक्षरता एवं मिनी बैंक, उद्यमिता एवं व्यवसाय मॉडल गतिविधि तथा स्थानीय बैंक/डाकघर/पुलिस थाने/निजी उद्योग का भ्रमण।

10 अक्टूबर: ड्रॉइंग एवं दृश्य रचनात्मक कार्यशाला, म्यूरल निर्माण अथवा संगीत, नृत्य, नाटक एवं अन्य गतिविधियां।

17 अक्टूबर: फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, राष्ट्रीय/ऐतिहासिक स्मारकों की यात्रा अथवा सार्वजनिक कार्यालय/ग्राम पंचायत भवन का भ्रमण।

24 अक्टूबर: निर्माण स्थल एवं सार्वजनिक अवसंरचना का अध्ययन, स्थानीय उद्योग/कारीगर इकाई का भ्रमण अथवा जलापूर्ति एवं सार्वजनिक सेवाओं का अध्ययन।

31 अक्टूबर: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं रोबोटिक्स का परिचय, Scratch Coding एवं computational thinking तथा जलापूर्ति एवं सार्वजनिक सेवाओं का अध्ययन।

14 नवंबर: विद्यार्थियों द्वारा Bagless Day के दौरान कराई गई गतिविधियों एवं project work को लेकर बाल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें अभिभावकों एवं SMC सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

हर विद्यालय को ₹6,500 की धनराशि

निर्देशों के अनुसार Project Based Learning/Bagless Days मद में प्रत्येक उच्च प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालय के लिए ₹6,500 की दर से धनराशि स्वीकृत की गई है।

बरेली जनपद के लिए Bagless Days गतिविधियों के क्रियान्वयन हेतु कुल ₹289.2550 लाख की लिमिट जारी किए जाने का उल्लेख पत्र में किया गया है।

इस राशि से मिट्टी, रंग, ब्रश, चार्ट, स्टेशनरी, हस्तशिल्प सामग्री, पौधे, बीज, जैविक खाद, विज्ञान प्रयोग सामग्री, STEM किट, मृदा एवं जल परीक्षण किट, कठपुतली, कला-सांस्कृतिक सामग्री, ड्रॉइंग एवं म्यूरल सामग्री, AI/रोबोटिक्स एवं कोडिंग गतिविधियों से जुड़े स्थानीय संसाधन आदि पर व्यय किया जा सकता है।

स्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक होंगे जिम्मेदार

Bagless Days की गतिविधियों के लिए विद्यालय स्तर पर सामग्री की उपलब्धता, गुणवत्ता और गतिविधियों का समय से संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापक की होगी। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा भी गतिविधियों का अनुश्रवण किया जाएगा।

साथ ही SRG, ARP एवं DIET Mentor द्वारा Bagless Days से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर शैक्षिक support उपलब्ध कराया जाएगा।

बच्चों को मिलेगा अनुभवात्मक शिक्षा का अवसर

Bagless Days का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए स्थानीय कारीगरों, उद्योगों, विज्ञान, पर्यावरण, कला, संस्कृति और वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ना है। इससे बच्चों में कौशल विकास, सामुदायिक जुड़ाव, व्यावसायिक उन्मुखीकरण, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर दिया गया है।

विभाग ने विद्यालयों को निर्देशित किया है कि इन गतिविधियों का फोटोग्राफ, छोटे वीडियो और अन्य अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं तथा आवश्यकतानुसार उच्च गुणवत्ता की फोटो/वीडियो राज्य परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।