20 August 2026

GEN Alpha का कमाल,सुधरा कई स्कूलों का हाल....

 

GEN Alpha का कमाल,सुधरा कई स्कूलों का हाल....

Gen Alpha का कमाल, सुधर कई स्कूलों का हाल; बच्चों के प्रदर्शन के बाद एक्शन में आए अफसर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ Gen Alpha के प्रदर्शन का असर अब कई जिलों में दिखाई देने लगा है। बच्चों के सड़क पर उतरने के बाद शासन-प्रशासन के अधिकारी स्कूलों तक पहुंचे और समस्याओं के समाधान की कार्रवाई शुरू की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, उन्नाव, हमीरपुर समेत कई जिलों में बच्चों के प्रदर्शन के बाद स्कूलों में व्यवस्थाएं सुधारी जाने लगी हैं। कहीं शिक्षकों की कमी दूर करने की कवायद शुरू हुई तो कहीं सड़क, पेयजल और भवनों की मरम्मत का काम शुरू कराया गया।

उन्नाव-फतेहपुर में शिक्षकों का नियोजन

उन्नाव और फतेहपुर में बच्चों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की। रिपोर्ट के अनुसार, उन्नाव में 115, जबकि फतेहपुर में 15 अस्थायी शिक्षकों के लिए नियोजन प्रक्रिया शुरू की गई। इसके अलावा कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में भी कदम उठाए गए।

फतेहपुर कॉलेज में लगा वॉटर कूलर और जनरेटर

फतेहपुर के किशनपुर स्थित संवाद इंटर कॉलेज में 28 जुलाई को छात्रों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद डीएम निधि गुप्ता मौके पर पहुंचीं और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

अगले ही दिन स्कूल में व्यवस्थाएं दुरुस्त होने लगीं। कक्षाओं में पंखे लगाए गए, वायरिंग ठीक कराई गई और शौचालयों में दरवाजे लगाए गए। कॉलेज में वॉटर कूलर और जनरेटर भी लगाया गया।

हमीरपुर में सड़क का काम शुरू

हमीरपुर में चंदपुर मार्ग की बदहाली को लेकर कई स्कूलों के बच्चों ने आंदोलन किया था। मामला संज्ञान में आने के बाद अब सड़क को समतल कर गिट्टी बिछाने का काम शुरू हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।

एमडीएम की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की थी। बच्चों की शिकायत के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और खाने की गुणवत्ता में तत्काल सुधार का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया।

समाज कल्याण मंत्री ने जारी किया संपर्क नंबर

सर्वोदय विद्यालयों से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए संपर्क व्यवस्था की जानकारी साझा की है। शिकायत या सुझाव के लिए मोबाइल नंबर 9793741114 और ईमेल mantri.samajkalyan@up.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि सर्वोदय विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। बच्चों की शिकायतों के बाद प्रशासन की सक्रियता से कई स्कूलों में सुविधाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।