20 August 2026

3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी

 

3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी, करीब 1000 रुपये बढ़ सकती है राशि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने वाली करीब 3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी है। खबर के अनुसार, इनके मासिक मानदेय में करीब 1000 रुपये तक की वृद्धि की जा सकती है।

विधानसभा चुनाव से पहले सरकार इस संबंध में घोषणा कर सकती है। हालांकि, अभी मिड-डे मील प्राधिकरण की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


1.46 करोड़ बच्चों को मिलता है मिड-डे मील

प्रदेश के करीब 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों में लगभग 1.46 करोड़ विद्यार्थियों को मिड-डे मील दिया जाता है। भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी विद्यालयों में तैनात रसोइयों की होती है।

रसोइयों को पहले 1000 रुपये मासिक मानदेय मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये और वर्ष 2022 में 2000 रुपये किया गया था।

अब एक बार फिर मानदेय में वृद्धि की तैयारी की खबर है। यदि करीब 1000 रुपये की बढ़ोतरी होती है तो रसोइयों का मासिक मानदेय 3000 रुपये तक पहुंच सकता है।

हालांकि, नई दर और इसे लागू करने की तारीख को लेकर शासन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।