20 August 2026

UP Polytechnic में 80,638 सीटें खाली, 21 अगस्त से अतिरिक्त चरण की काउंसलिंग

 

UP Polytechnic में 80,638 सीटें खाली, 21 अगस्त से अतिरिक्त चरण की काउंसलिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय, निजी और पीपीपी मॉडल पॉलिटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 80,638 सीटें अभी भी खाली हैं। कुल करीब 1.45 लाख सीटों के सापेक्ष अब तक 60,552 सीटों पर प्रवेश हो चुका है। प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को एक और मौका देते हुए संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने अतिरिक्त चरण की काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया है।


डिप्लोमा इंजीनियरिंग और अन्य पाठ्यक्रमों (फार्मेसी को छोड़कर) में छठे और सातवें चरण की अतिरिक्त काउंसलिंग 21 अगस्त से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को इसमें प्रवेश का एक और अवसर मिलेगा।

21 से 23 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग

काउंसलिंग के छठे चरण में च्वाइस फिलिंग 21 से 23 अगस्त तक होगी और 24 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा। ऑनलाइन फ्रीज एवं काउंसलिंग फीस 25 से 28 अगस्त तक जमा की जा सकेगी। इस चरण में फ्लोट विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।

इसके बाद सातवें चरण के लिए च्वाइस फिलिंग 1 से 3 सितंबर तक होगी, जबकि 4 सितंबर को सीट आवंटन किया जाएगा। सीट आवंटन के बाद सिक्योरिटी और काउंसलिंग फीस 5 से 7 सितंबर तक जमा की जा सकेगी।

सितंबर में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश

अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन 5 से 8 सितंबर को शाम 6 बजे तक किए जाएंगे। आवंटित सीट पर नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं, संस्थान में रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 10 सितंबर होगी।

परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह के अनुसार, एआईसीटीई के नए एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार अभ्यर्थियों को प्रवेश का यह अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी इस काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे।

गौरतलब है कि परिषद ने 25 जून से 14 अगस्त के बीच मुख्य एवं विशेष काउंसलिंग के चरण आयोजित किए थे। अब बड़ी संख्या में रिक्त सीटों को भरने के लिए अतिरिक्त चरण की काउंसलिंग कराई जा रही है।