06 September 2026

पंचायती राज विभाग ने जन्माष्टमी पर 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर की आपूर्ति शुरू

 

जन्माष्टमी पर 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर की आपूर्ति शुरू

ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की नई पहल, सितंबर के अंत तक शत-प्रतिशत लाइब्रेरी में होगी आपूर्ति

लखनऊ। पंचायती राज विभाग ने


जन्माष्टमी के अवसर पर ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रही 11,350 डिजिटल लाइब्रेरियों के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की आपूर्ति शुरू कर दी है। चरणबद्ध तरीके से जिलों और विकासखंडों के लिए उपकरणों से लदे वाहन रवाना किए गए हैं।

प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ पंचायतों को शिक्षा, डिजिटल संसाधन और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश की ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के लिए 454 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके साथ ही 1000 बहुउद्देशीय पंचायत भवनों के निर्माण के लिए करीब 57 करोड़ रुपये और प्रत्येक विकासखंड में करीब 5 ग्राम पंचायत स्तर पर विकास केंद्र बनाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

कई जिलों में पहुंचेंगे उपकरण

पहले चरण में अंबेडकरनगर के भीटी विकासखंड, आजमगढ़ के तरवां, मिर्जापुर, बरेली के मझगवां, गाजियाबाद के सभी विकासखंड, गोरखपुर के कैंपियरगंज व बड़हलगंज, लखनऊ के माल और मेरठ के मवाना व माछरा समेत कई क्षेत्रों में डिजिटल लाइब्रेरियों के लिए उपकरण भेजे जा रहे हैं।

हर डिजिटल लाइब्रेरी में दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक वेबकैम, एलईडी टेलीविजन, वाई-फाई एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए नेटवर्किंग स्विच की व्यवस्था की जा रही है।

सितंबर तक सभी लाइब्रेरियों में आपूर्ति

संबंधित डिजिटल लाइब्रेरियों में उपकरणों की स्थापना और संचालन संबंधी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक सितंबर के अंत तक सभी 11,350 डिजिटल लाइब्रेरियों में कंप्यूटर एवं अन्य उपकरणों की आपूर्ति पूरी करने का लक्ष्य है।

डिजिटल लाइब्रेरियों में फर्नीचर और पुस्तकों की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण उपलब्ध होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और युवाओं को ऑनलाइन शिक्षा एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।