06 September 2026

84 घंटे बाद नवोदय विद्यालय की बिजली आपूर्ति बहाल, छात्रों को मिली राहत

 

84 घंटे बाद नवोदय विद्यालय की बिजली आपूर्ति बहाल, छात्रों को मिली राहत

मेजा। जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा की बिजली आपूर्ति करीब 84 घंटे बाद बहाल हो गई। चार दिन से बिजली संकट झेल रहे विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को इससे राहत मिली है।

बताया गया कि 1 सितंबर की रात बारिश के दौरान आकाशीय गड़गड़ाहट के बाद विद्यालय की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। जांच में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण आपूर्ति बाधित होने की जानकारी सामने आई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने मामले की शिकायत प्रशासन के साथ बिजली विभाग के अभियंताओं से की थी, लेकिन करीब 84 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।


विद्यालय प्राचार्य के अनुसार शुक्रवार रात फुंके ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई थी।

गांव में भी ट्रांसफार्मर खराब, कई दिनों से बिजली संकट

इधर, मेजारोड उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले मुड़ैला गांव में भी कई दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगा ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण आपूर्ति बाधित है।

क्षेत्रीय निवासी अरविंद यादव ने बताया कि मुड़ैला पंचायत भवन के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब बीस दिन पहले जल गया था। इसके बाद से ग्रामीण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की और ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।