पढ़ाई को रोचक बना रहे 82 शिक्षक सम्मानित, राष्ट्रपति ने अनोखे कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किया
पढ़ाई को रोचक बना रहे 82 शिक्षक सम्मानित
नई दिल्ली (एजेंसी)। शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को देश के 82 शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इन शिक्षकों ने पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने के लिए कई अनोखे प्रयोग किए हैं। इनमें कुछ शिक्षकों ने कम खर्च में मोबाइल साइंस लैब बनाई, तो कुछ ने पुरानी और बेकार सामग्री से साइंस पार्क तैयार किया। कई शिक्षकों ने बच्चों में पढ़ने की आदत बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए।
पुरस्कार पाने वाले 82 शिक्षकों में 48 स्कूल शिक्षक, 21 उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक के शिक्षक तथा 13 अन्य शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षकों से कहा कि वे छात्रों की ऐसी पीढ़ियां तैयार करें, जिनमें वैज्ञानिक सोच विकसित हो और जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि छात्रों को अच्छे इंसान बनने के लिए मार्गदर्शन देना शिक्षकों का पवित्र कर्तव्य है।
नवाचार और समर्पण की प्रेरक मिसालें:
- ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल लौटाया: गाजियाबाद के सरकारी लिंका इंटर कॉलेज की शिक्षिका रेनू त्रिपाठी ने 60 गांवों में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने का काम किया।
- 'ट्री टॉक' और एआई का प्रयोग: राजस्थान के झालावाड़ स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल के शिक्षक दिव्येंदु सेन को 'ट्री टॉक' नवाचार के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें पेड़ों की जानकारी के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल होता है। उन्होंने वर्चुअल बायोलॉजी लैब और एआई की मदद से अध्यापन के प्रयोग भी किए।
- बेटियों की शिक्षा और बाल विवाह रोकथाम: महाराष्ट्र के नासिक की कुंदा जयवंत बाचव ने 150 से अधिक गरीब लड़कियों को आर्थिक और शैक्षणिक सहायता दिलाई, जिससे उन्हें कम उम्र में शादी से बचाकर आगे पढ़ने में मदद मिली।
शिक्षकों की उपलब्धियां गौरव का विषय: केशव लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों यूपी के शिक्षकों को 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार' से सम्मानित होने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्यकुशलता के माध्यम से शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
शिक्षक छात्रों को समान अवसर दें: राहुल गांधी नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को शिक्षकों से एक ऐसी व्यवस्था बनाने का आग्रह किया जो हर छात्र को समान अवसर और अच्छी शिक्षा दे। उन्होंने सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

