06 September 2026

बंद स्कूल खुलेगा, पीडीए पढ़ेगा: अखिलेश

 

अखिलेश के निर्देश पर बंद स्कूलों के पास हुआ 'पाठशाला पुकारे' कार्यक्रम

बंद स्कूल खुलेगा, पीडीए पढ़ेगा: अखिलेश

लखनऊ (विशेष संवाददाता): सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों के पास ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने बंद किए गए इन विद्यालयों को पुनः खुलवाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मानित किया गया और छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्रियां तथा 'पीडीए पाठशाला' लिखे बैग वितरित किए गए। प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों में आयोजित इन कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।


अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस पर सभी देशवासियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में जिन 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया है, उनके बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसका मूल उद्देश्य यह संदेश देना है कि ‘बंद स्कूल खुलेगा, तो पीडीए पढ़ेगा’।

उन्होंने कहा कि इस मुहिम के पीछे मूल भावना शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिलाना है। शिक्षा के जरिए ही शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित समाज में वह सामाजिक-राजनीतिक चेतना व जागरूकता आएगी, जो प्रभुत्ववादियों के वर्चस्व को चुनौती देकर भेदभाव समाप्त करेगी। उन्होंने दोहराया कि समता और समानता पर आधारित ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाकर ही सौहार्दपूर्ण वातावरण बनेगा और ‘बंधु राष्ट्र’ का संकल्प साकार होगा।