शैक्षिक भ्रमण में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र संग्रहालय भी जाएंगे
सभी डीआईओएस को निर्देश जारी, विद्यार्थियों को कला-संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने की पहल
लखनऊ। प्रदेश के पीएमश्री माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को अब शैक्षिक भ्रमण के दौरान संग्रहालयों का भी भ्रमण कराया जाएगा। अभी तक शैक्षिक भ्रमण की योजना में संग्रहालयों को शामिल नहीं किया गया था। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के पत्र के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को निर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने आगामी शैक्षिक भ्रमण की योजना तैयार करते समय कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को संग्रहालय भ्रमण से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को उनके जिले या पड़ोसी जिले में स्थित राजकीय संग्रहालयों का भ्रमण कराया जाएगा।
कला और विरासत से सीधे जुड़ेंगे विद्यार्थी
संग्रहालय भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कला, संस्कृति और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है। संग्रहालयों में प्रदर्शित पुरावशेष, मूर्तियां, सिक्के, चित्र और अन्य ऐतिहासिक साक्ष्यों को विद्यार्थी प्रत्यक्ष देखकर उनके बारे में बेहतर समझ विकसित कर सकेंगे।
विभाग की ओर से सभी डीआईओएस को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर आगामी शैक्षिक भ्रमण की योजना में संग्रहालयों को शामिल करने को कहा गया है। इससे विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक भ्रमण अधिक ज्ञानवर्धक और अनुभव आधारित बनने की उम्मीद है।

