धनीपुर के भूतपुरा कंपोजिट विद्यालय में हुई घटना
हरदुआगंज (अलीगढ़), संवाददाता। धनीपुर ब्लॉक के भूतपुरा कंपोजिट विद्यालय में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई। कक्षा तीन में पढ़ा रहे 45 साल के सहायक अध्यापक संतोष कुमार टिफिन खोलकर दो निवाला ही खा पाए थे कि कुर्सी पर ही अचेत होकर गिर पड़े। मुंह में निवाला फंसा रहा, मेज पर खाना खुला रहा और कक्षा में मौजूद बच्चों के सामने ही उनकी सांसें उखड़ने लगीं। साथी शिक्षकों ने सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। हरदुआगंज सीएचसी से दीनदयाल अस्पताल तक भागदौड़ की। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हार्टअटैक आया है।
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के डोरीनगर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार पुत्र रामदास धनीपुर ब्लॉक के भूतपुरा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के प्राइमरी सेक्शन में बतौर सहायक अध्यापक कक्षा तीन के क्लास टीचर थे। प्रधानाध्यापिका संगीता सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे जब सभी शिक्षक पढ़ाने में व्यस्त थे तभी कक्षा तीन का एक बालक दौड़ा आया और शिक्षक संतोष कुमार के बेहोश होने की सूचना दी। जब वह अन्य शिक्षकों को लेकर क्लास में पहुंचीं तो मेज पर खाना खुला रखा था और मृतक के मुंह में भी एक निवाला था।
