22 September 2026

दिनदहाड़े शिक्षक की गोली मारकर हत्या

 मैनपुरी : दिनदहाड़े शिक्षक की गोली मारकर हत्या


मैनपुरी। साथी शिक्षक की जमीन के मामले में पैरवी करने वाले पूर्व एयरफोर्स कर्मी और शिक्षक की सोमवार दोपहर करीब दो बजे गोली मार कर हत्या कर दी गई। स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से घर लौटते समय बदमाशों ने पीछे से दो गोलियां मारीं। पीठ में लगी गोलियों से लहूलुहान होकर गिरे शिक्षक को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। उनके रिश्ते के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रूई निवासी 56 वर्षीय यशपाल सिंह पुत्र भोजराज सिंह सुल्तानगंज विकासखंड क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय उस्मानपुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे।



सोमवार को वह स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। एलाऊ में कुसमरा रोड से दिवन्नपुर चौधरी जाने वाले मार्ग पर लगभग 400 मीटर दूर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें पीछे से दो गोलियां मार दीं। इससे वो वहीं गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर भाग चुके थे।


सूचना पाकर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों की मदद से लहुलुहान शिक्षक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शिक्षक की मौत की खबर पाकर परिवार और गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए।


घटना की सूचना मिलते ही एसपी गणेश प्रसाद साहा, सीओसिटी अशोक कुमार, थाना प्रभारी अवनीश त्यागी के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। प्रत्यक्षदर्शी के बताए अनुसार पुलिस ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।


शिक्षक यशपाल द्वारा अपने मित्र शिक्षक के जमीन के मामले में कोर्ट में पैरवी की जा रही थी। इसी रंजिश में उनकी गोली मारकर हत्या की सूचना है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

- अभिषेक तिवारी, एसपी ग्रामीण


एयरफोर्स की छोड़ी नौकरी

शिक्षक यशपाल सिंह पहले एयरफोर्स में तैनात थे। इसी दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई। वर्ष 2002 में वह शिक्षक बन गए। इसके बाद उन्होंने एयरफोर्स की नौकरी छोड़ दी। यशपाल भोगांव क्षेत्र के ग्राम रूई निवासी थे और वर्तमान में मैनपुरी में डीएम आवास के पास ही निवास करते थे।


हत्यारोपियों की तलाश में दबिश

पोस्टमार्टम हाउस पर ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने बताया कि लगभग सवा दो बजे चरवाहों और स्कूल के शिक्षक ने उन्हें यशपाल सिंह को गोली मारने की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे तब तक उनके परिवार के लोग भी आ चुके थे। यशपाल स्कूल से निकले तो उस समय एक महिला शिक्षिका भी उनसे आगे निकली थी। बताया गया है कि बाइक पर तीन बदमाश सवार थे, उन्होंने ही गोली चलाई। थाना प्रभारी अवनीश त्यागी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम जा रहा है। तीन नामजदों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।