22 September 2026

स्कूल में शिक्षिका की हत्या कर खुद को उड़ाया

 

लखीमपुर,  । शहर के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल शाहपुरा कोठी में सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे घुसे युवक ने वहां की शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद, उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। गोलियों की आवाज से स्कूल के अन्य शिक्षक और बच्चे सहम गए। सूचना पाकर डीएम और एसपी के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। छानबीन शुरू कर दी गई।



चिल्ड्रेन अकादमी शाहपुरा कोठी में 23 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा पुत्री इलियाश निवासी हिदायतनगर पढ़ाती थी। सोमवार को अपराह्न 11.40 बजे वह अपनी क्लास से निकलकर कैंपस में खड़ी थी। उसी दौरान, शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी 25 वर्षीय सऊद अंसारी पुत्र कय्यूम अंसारी वहां आ गया। उसके पास एक बैग था। उसमें असलहे थे। बताया जाता है कि वह निशात को बुलाकर स्कूल की दूसरी मंजिल पर ले गया। वहां एक क्लास रूम के सामने उसने निशात की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद की कनपटी पर तमंचा रखकर गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर स्कूल में दहशत फैल गई।


सूचना पाकर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एएसपी पवन गौतम, सीओ सिटी विवेक तिवारी और शहर कोतवाल राजेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फॅारेंसिक व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई। मौके से दो तमंचे, चार खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ है।