स्कूलों में आधी रात कौन कर रहा है सेंधमारी? एक ही रात दो विद्यालयों से हजारों का सामान गायब
*चोरों के निशाने पर हैं प्राथमिक विद्यालय, दो स्कूलों में एक ही दिन चोरी*
*लालगंज, प्रतापगढ़।* विकास खण्ड लालगंज के परिषदीय विद्यालय इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने दो प्राथमिक विद्यालयों को निशाना बनाते हुए हजारों का सामान पार कर दिया। पहली घटना *प्राथमिक विद्यालय पूरे मीतन, ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर* की है। प्रभारी प्रधानाध्यापक रमेश कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को जब वे विद्यालय पहुंचे तो ऑफिस के गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर इको क्लब का सामान, खेल सामग्री, 25 थाली, 20 परात और साउण्ड स्पीकर चुरा ले गये।दूसरी घटना *प्राथमिक विद्यालय गौखाड़ी* की है। यहाँ भी चोरों ने उसी रात ताला काटकर एमडीएम कक्ष में रखे *दो गैस सिलेण्डर, 40 किलो चावल और 35 किलो गेहूं* चुरा लिया। दोनों मामलों में प्रधानाध्यापकों ने कोतवाली लालगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालयों में न तो चौकीदार है और न ही सीसीटीवी, इसी का फायदा उठाकर चोर लगातार वारदात कर रहे हैं।
