27 September 2026

स्वजन के लिखित बयानों से जुड़ेंगे जांच की कड़ी, प्राइमरी टीचर तिमरुख प्रकरण में जांच तेज

 

स्वजन के लिखित बयानों से जुड़ेंगे जांच की कड़ी, प्राइमरी टीचर तिमरुख प्रकरण में जांच तेज

हरदोई। सांडी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तिमरुख की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शाहीन बानो के बीमार होने और बाद में ब्रेन डेड घोषित किए जाने के मामले में जांच समिति ने अपनी पड़ताल तेज कर दी है। समिति ने शिक्षिका की पुत्री शाइमा, बहन यासमीन और भाई के बयान दर्ज करने के साथ उनके लिखित बयान भी लिए हैं। रसोइया और प्रधान के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अब बीईओ डॉ. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी का बयान भी लिया जाएगा।

चार सदस्यीय समिति कर रही जांच

डीएम की ओर से गठित चार सदस्यीय समिति घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। संयुक्त मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया के नेतृत्व में गठित समिति में डीडीओ कमलेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद सचान और राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई के प्रधानाचार्य श्याम नारायण सिंह शामिल हैं।

समिति ने शाहीन के परिजनों द्वारा लगाए गए मानसिक उत्पीड़न के आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया है। साथ ही विद्यालय में गैस लीकेज से संबंधित बिंदु की भी पड़ताल की गई है।

गैस पाइप में नहीं मिला लीकेज

जांच टीम विद्यालय में गैस लीकेज के बिंदु की जांच कर चुकी है। मौके पर गैस पाइप में लीकेज नहीं मिला। इसके बावजूद घटना के समय आग जैसी स्थिति किन परिस्थितियों में बनी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, शाहीन की चिकित्सीय स्थिति को लेकर भी समिति अभिलेखों की जांच कर रही है। प्रकरण से जुड़े लोगों के बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

समिति अब परिजनों के लिखित बयानों, चिकित्सीय दस्तावेजों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को आपस में जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल करेगी।