27 September 2026

पीएम श्री स्कूल में पांच लाख से बनेगा मैथ्स-साइंस गार्डन

 

पीएम श्री स्कूल में पांच लाख से बनेगा मैथ्स-साइंस गार्डन

गोंडा। जिले के एक परिषदीय पीएम श्री विद्यालय में करीब पांच लाख रुपये की लागत से मैथ्स-साइंस गार्डन विकसित किया जाएगा। इसमें गणित और विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की अवधारणाएं प्रयोग और गतिविधियों के जरिए समझने का अवसर मिलेगा।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से बीएसए को चयनित पीएम श्री विद्यालय में मैथ्स-साइंस गार्डन विकसित कराने के निर्देश दिए गए हैं। गार्डन में ड्रोन, सोलर सिस्टम मॉडल, ट्रैफिक टावर, डायरेक्शन टावर, डिस्टेंस मीटर, एसएसएमएलबी और एआर सोलर सिस्टम चार्ट सहित कई मॉडल लगाए जाएंगे।

डीएम की अध्यक्षता में होगा विद्यालय का चयन

मैथ्स-साइंस गार्डन के लिए विद्यालय का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। समिति में सीडीओ, बीएसए सदस्य-सचिव, विज्ञान विषय के प्राचार्य तथा जनपद स्तर के किसी तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थान के तकनीकी विशेषज्ञ सदस्य होंगे।

बीएसए अमित कुमार सिंह के अनुसार, गार्डन का लाभ केवल चयनित विद्यालय के विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। आसपास के स्कूलों के बच्चे भी शैक्षिक भ्रमण के दौरान गार्डन में लगे मॉडलों और प्रयोगों के माध्यम से गणित एवं विज्ञान की अवधारणाओं को आसानी से समझ सकेंगे।