UpdateMarts•Com
Follow Channel

20 November 2021

BEO के सामने शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक सहित अन्य स्टाफ को धमकाया, बच्चों को पढ़ाने की बजाय मोबाइल पर रहती थी व्यस्त, हुई निलंबित


प्रतापगढ़। शिकायत की जांच के लिए स्कूल पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी के सामने ही शिक्षिका अपने प्रधानाध्यापक सहित अन्य स्टाफ को धमकाने लगी। उसके बारे में बताया गया था कि वह बच्चों को पढ़ाने के बजाए मोबाइल पर व्यस्त रहती थी। और आलम यह कि जांच करने आए अधिकारी के सामने अपने ही सह शिक्षकों पर बिफर पड़ी। इसकी रिपोर्ट मिलने पर बीएसए ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया।

शिकायत की जांच के लिए गए थे खंड शिक्षा अधिकारी

लक्ष्मणपुर विकास खंड के कंपोजित विद्यालय मुस्लिम बस्ती खरगपुर की शिक्षिका शिवांगी श्रीवास्तव के बारे में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ कि वह कागज में तो स्कूल में उपस्थित रहती है लेकिन हकीकत कुछ और है। इसे संज्ञान में लेकर प्रतापगढ़ के बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणपुर गौतम प्रसाद को जांच के लिए स्कूल भेजा। बीते नौ नवंबर को खंड शिक्षा अधिकारी इस मामले की जांच करने स्कूल पहुंचे। उस समय सारा स्टाफ मौजूद मिला। जब उन्होंने शिक्षिका शिवांगी के बारे में प्रभारी प्रधानाध्यापक से जानकारी ली तो उन्होंने मौखिक रूप से बताया कि शिकायत सही है। शिक्षिका समय से स्कूल नहीं आती, उन्हें धमकाती है कि उनके हस्ताक्षर के कालम में कुछ लिखा गया तो ठीक नहीं होगा।

जवाब देने की बजाय दूसरों को लगी हड़काने शिक्षिका

इतना ही नहीं अन्य स्टाफ को डराने धमकाने के साथ ही मोबाइल पर व्यस्त रहती है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने जब शिक्षिका से पूछताछ की तो सही जवाब देने के बजाए पूरे स्टाफ को धमकाने लगी। इसकी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी ने 11 नवंबर को बीएसए को देते हुए शिक्षिका के निलंबन की संस्तुति की थी। बीएसए सुधीर कुमार सिंह ने गुरुवार को शिक्षिका शिवांगी को निलंबित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लक्ष्मणपुर से संबद्ध कर दिया। इसके साथ ही विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बाबागंज शिव बहादुर मौर्य को जांच अधिकारी बनाया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more