हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

24 January 2022

टीईटी परीक्षा के दौरान आठ गिरफ्तार :अंबेडकरनगर, अमेठी और सुल्तानपुर से दबोचे गए साल्वर गैंग के सदस्य और मुन्नाभाई


सुल्तानपुर : अवध के विभिन्न जनपदों में टीईटी परीक्षा के दौरान रविवार को पांच को दबोचा गया। अंबेडकरनगर में टीईटी परीक्षा में रविवार को साल्वर गैंग के तीन सदस्य परीक्षा देते हुए पकड़ लिए गए। इनमें दो युवक जबकि एक युवती शामिल है। एक युवती को ब्लूटूथ डिवॉयस का प्रयोग कर परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया, जबकि एक अन्य युवती को एक अन्य परीक्षार्थी की सीट पर परीक्षा देते हुए पकड़ लिया गया। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की पूछताछ में साल्वर गैंग के सदस्यों ने बताया कि अभ्यर्थियों से उनके पेपर हल करने के नाम पर 3 लाख रुपये मिलने थे। इनमें से 1 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान हो गया था। एसपी ने बताया कि आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है।


अमेठी जिले में रविवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा में एक परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के सहारे नकल करते पकड़ा गया। शिव प्रताप इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या आठ में परीक्षार्थी के नकल करते पकड़े जाने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे अफसरों ने परीक्षार्थी को हिरासत में लेते हुए परीक्षा समाप्ति तक केंद्र में अपने साथ रखा। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभिरक्षा में सीएचसी ले जाकर डिवाइस निकलवाने के बाद पुलिस ने प्रधानाचार्य की तहरीर पर केस दर्ज किया है।

दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में पकड़े दो अभ्यर्थीसुल्तानपुर के कादीपुर के नेशनल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में सुबह की पाली में एक परीक्षार्थी को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में पकड़ा गया। मो. अबरार के स्थान पर मो. अकबर परीक्षा दे रहा था। प्रधानाचार्य डॉ. केडी सिंह की सूचना पर पहुंची कादीपुर कोतवाली पुलिस ने अभ्यर्थी को अपनी अभिरक्षा में लिया है।

वहीं सुल्तानपुर के लंभुआ में दूसरे के नाम पर परीक्षा देती मिली छात्रा पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। सर्वोदय इंटर कॉलेज में शिक्षक पात्रता परीक्षा की दूसरी पाली में एक छात्रा के नाम में अंतर पाया गया। परीक्षा दे रही छात्रा के पास मौजूद सभी परिचय पत्रों पर सुमन पुत्री मंशाराम दर्ज था। फोटो भी सुमन की थी। एसडीएम महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नाम में विभेद के चलते उसकी कॉपी को अलग से जांच के लिए भेजा जा रहा है। उधर, केंद्र व्यवस्थापक डॉ. गुलाब सिंह ने बताया कि जांच पत्र व परीक्षार्थी के परिचय पत्र मेल नहीं खा रहे हैं। इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है

.

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more