हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

07 November 2022

एक्स्ट्रा क्लास के बहाने बुलाकर छात्रा से स्कूल में अश्लील हरकत, टीचर को किया गिरफ्तार


प्रयागराज, । कौंधियारा के जारी इलाके में संचालित एक इंटर कालेज में पढ़ने वाली छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक को खुद गिरफ्तार करवाया। दारोगा को स्कूल बुलाया और शिक्षक की पूरी कारस्तानी बताई। साथ ही शिकायत करने पर प्रबंधक द्वारा कहे गए अपशब्दों की भी जानकारी दी। मामले में शिक्षक के खिलाफ अश्लील हरकत करने, धमकी देने और प्रबंधक पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के तहत कौंधियारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। रिपोर्ट छात्रा के दादा की तहरीर पर लिखी गई है।

शिक्षक ने अतिरिक्त क्लास के बहाने छात्रा को बुलाकर की थी छेड़खानी

इंटर की छात्रा को स्कूल के शिक्षक अभिषेक पटेल निवासी कुल्हड़िया, कौंधियारा ने शुक्रवार सुबह अतिरिक्त क्लास संचालित होने की बात कहकर विद्यालय बुलाया। छात्रा स्कूल पहुंची तो शिक्षक उसे तीसरी मंजिल पर बने कमरे में ले गया। यहां उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर उसे धमकाया। किसी प्रकार छात्रा यहां से निकली और प्रबंधक के पास पहुंची। उसने प्रबंधक से पूरे मामले की शिकायत की

घर में नहीं बताया और जारी चौकी प्रभारी को दी जानकारी

छात्रा का आरोप है कि प्रबंधक ने भी उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया। किसी से कुछ न कहने की धमकी दी। स्कूल से छुट्टी के बाद वह घर गई और किसी से कुछ नहीं बताया। दूसरे दिन शनिवार को उसने स्कूल जाते वक्त रास्ते में जारी चौकी प्रभारी शैलेंद्र यादव को इस घटना की जानकारी देते हुए विद्यालय आने का आग्रह किया ताकि वह शिक्षक के खिलाफ एक्शन ले सकें।


स्कूल में नहीं मिला तो घर जाकर पकड़ा शिक्षक को

छात्रा के स्कूल पहुंचने के कुछ देर बाद चौकी प्रभारी यहां पहुंचे। आरोपित शिक्षक के बारे में पता किया तो मालूम चला कि वह घर पर है, जिस पर पुलिस ने घर जाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने छात्रा के घरवालों को बुलाया, जिस पर उसके दादा ने पुलिस को तहरीर दी जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।

कौंधियारा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा का कहना है कि शिक्षक और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिक्षक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more