UpdateMarts
Follow Channel

30 May 2024

सिरफिरे ने शिक्षिका का जीना किया दुश्वार, सुरक्षा के लिए घर पर पुलिस तैनात

 बहजोई/संभल, सिरफिरे युवक ने परिषदीय विद्यालय में तैनात शिक्षिका का जीना दुश्वार कर दिया है। युवक पीछा करते हुए शिक्षिका के घर तक पहुंच गया। युवक ने शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ की तो शिक्षिका दहशत में आ गई। एएसपी के आदेश पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद शिक्षिका की सुरक्षा के लिए उसके घर पर पुलिस तैनात की गई है। युवक की धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे हैं।




जनपद संभल में बहजोई के एक मोहल्ला निवासी शिक्षिका बहजोई विकासखंड के एक गांव के  परिषदीय विद्यालय में तैनात है। जिस गांव में शिक्षिका पढ़ाती है वहां का युवक तीन दिन पहले  पीछा करते हुए शिक्षिका के  घर पर पहुंच गया। युवक ने घर में घुसकर शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ की। तीन दिन पहले की घटना को लेकर शिक्षिका ने कोई शिकायत नहीं की। लेकिन एक बार फिर सोमवार को सिरफिरा युवक बाजार से घर वापस लौट रही शिक्षिका के पीछे लग गया। युवक दौड़ता हुआ शिक्षिका के पास पहुंचा और छेड़छाड़ करने लगा। शिक्षिका दौड़कर अपने घर के पास पहुंची तो युवक भी वहां पहुंच गया।


शिक्षिका के चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए तो युवक मौका पाकर फरार हो गया। युवक की हरकत से दहशत में आई शिक्षिका ने अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा को सारी बात बताई। एएसपी ने बहजोई पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बहजोई पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि युवक अभी तक फरार बना हुआ है।


पुलिस की तैनात से शिक्षिका ने ली राहत की सांस

बहजोई। अपर पुलिस अधीक्षक को दिये शिकायती पत्र में शिक्षिका ने सिरफिरे युवक से अपनी जान का खतरा बताया। वहीं कभी भी हमला करने की आशंका जाहिर की। इसी  चलते एएसपी के निर्देश पर शिक्षिका के घर पर सशस्त्र पुलिस कर्मी को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। जो 24 घंटे शिक्षिका की सुरक्षा में तैनात रहेगा तथा निगरानी भी करेगा कि युवक फिर से शिक्षा के साथ कोई घटना न कर दे। पुलिसकर्मी तैनात रहने से शिक्षिका ने राहत की सांस ली है।


8 वर्ष पहले भी युवक ने शिक्षिका के साथ की थी अभद्रता

बहजोई। वर्ष 2016 में शिक्षिका बहजोई विकासखंड के परिषदीय विद्यालय में तैनात थी। इसी गांव का रहने वाले इस युवक ने तब भी शिक्षा के साथ अभद्रता की थी। तब भी शिक्षिका ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में उस समय  युवक को जेल भी भेजा गया था। 8 साल के बाद फिर से युवक ने शिक्षिका का पीछा करना शुरू कर दिया और उसके साथ छेड़छाड़ की।


पीड़ित शिक्षिका ने युवक द्वारा पीछा करने तथा छेड़छाड़ करने की तहरीर दी थी। जिसके आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। युवक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। शीघ्र की आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा - दीपक कुमार तिवारी, सीओ, बहजोई।