हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

26 November 2025

गोण्डा और फतेहपुर में एसआईआर ड्यूटी कर रहे बीएलओ ने जान दी




● परिजनों का आरोप, काम के दबाव में की खुदकुशी


● आरोप के बाद जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश



गोण्डा/फतेहपुर, हिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में ड्यूटी पर लगे दो और बीएलओ ने मंगलवार को खुदकुशी कर ली। गोंडा में शिक्षक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर जान दे दी। वहीं फतेहपुर में शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने फांसी लगा ली। आरोप है कि दोनों बीएलओ पर काम का दबाव था।


जौनपुर के थाना सरायख्याजा निवासी विपिन यादव पुत्र सुरेश चन्द्र यादव की तैनाती गोण्डा में नवाबगंज क्षेत्र के जैतपुर प्राथमिक विद्यालय में 2024 में सहायक अध्यापक के रूप में हुई थी। मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में विपिन की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी थी। मंगलवार सुबह वह घर से निकले पर रास्ते में उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज से केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया। वहां शाम को दम तोड़ दिया। घटना को लेकर वायरल वीडियो में बीएलओ दबाव डालने की बात कह रहा था। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। डीएम प्रियंका निरंजन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।


उधर, बिंदकी के खजुहा निवासी रामलाल कोरी का बेटा 25 वर्षीय बेटा सुधीर लेखपाल था। उसकी पड़ोसी गांव सीतापुर में शादी तय थी। 26 नवंबर को बारात जानी थी। लेकिन मंगलवार सुबह लेखपाल सुधीर ने घर में फांसी लगा कर जान दे दी। परिजनों ने कहा कि सुधीर की ड्यूटी एसआईआर में सुपरवाइजर के तौर पर लगी थी लेकिन शादी की तैयारियों के बीच भी सुधीर पर काम का दबाव था। बताया कि मंगलवार सुबह कानूनगो ने लेखपाल को काम नहीं करने पर निलंबित किए जाने की चेतावनी दी थी। एडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more