UpdateMarts•Com
Follow Channel

13 January 2026

यूपी में मतदाता सूची का विशेष अभियान: 18 जनवरी को सभी बूथों पर मिशन मोड में होगा वाचन

यूपी में मतदाता सूची का विशेष अभियान: 18 जनवरी को सभी बूथों पर मिशन मोड में होगा वाचन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची की शुद्धता और जागरूकता बढ़ाने के लिए 18 जनवरी 2026 को एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दिन प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर मिशन मोड में मतदाता सूची को पढ़कर मतदाताओं को सुनाया जाएगा। निर्वाचन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस संबंध में हुई समीक्षा बैठक में नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों के साथ-साथ ग्राम प्रधान या पार्षद के सहयोग से कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संपन्न कराएंगे। मतदाता सहभागिता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया है।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि बीएलओ के पास फॉर्म-6, 7 और 8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े आवेदन मौके पर ही लिए जा सकें। ऑफलाइन फॉर्म-6 भरते समय मतदाता का नाम और पता हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मतदाता के सामने ही दर्ज कराया जाए, जिससे वर्तनी संबंधी त्रुटियों से बचा जा सके। ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन के दौरान भी नाम की पुष्टि हिंदी में कराने के निर्देश दिए गए हैं।

‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के तहत 48 घंटे से अधिक समय से लंबित मामलों पर सख्ती दिखाई गई है। ऐसे मामलों को लेकर आठ विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है और यह चेतावनी दी गई है कि कोई भी प्रकरण 48 घंटे से ज्यादा लंबित नहीं रहना चाहिए।

इसके अलावा, जिला निर्वाचन अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त होने वाली मतदाताओं की शिकायतों और सवालों का समयबद्ध, स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार का भ्रम न फैले और मतदाता प्रक्रिया में विश्वास बना रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more